खनिज मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का माफियाओं को संरक्षण, दिग्विजय सिंह ने लोकायुक्त जस्टिस को लिखा पत्र

दिग्विजय सिंह ने फिर उठाया पन्ना में अवैध रेत उत्खनन का मुद्दा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह पर लगाया माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप

Updated: Feb 05, 2022, 11:16 AM IST

भोपाल। कांग्रेस नेता व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर से पन्ना में चल रहे अवैध रेत उत्खनन का मुद्दा उठाया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस संबंध में लोकायुक्त जस्टिस एनके गुप्ता को पत्र लिखा है। सिंह ने आरोप लगाया है कि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा व प्रदेश सरकार में खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रसाद सिंह का माफियाओं को संरक्षण प्राप्त है।

लोकायुक्त जस्टिस को संबोधित पत्र में राज्यसभा सांसद ने समाचार पत्र शौर्य टाईम्स में छपी रिपोर्ट का हवाला देते हुए लिखा है कि पन्ना जिले की अजयगढ़ तहसील अंतर्गत उत्तर प्रदेश के ठेकेदारों द्वारा बालू का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। खदाने बंद होने के बाद भी वीरा, रामनई, बरौली, मोहना से अवैध रूप से उत्खनन जारी है। खनिज माफियाओं पर कोई कार्यवाही नहीं होने से उनके हौंसले बुलंद हो गए हैं।'

यह भी पढ़ें: इंदौर में नकली हींग फैक्ट्री का खुलासा, आटे में घातक सल्फर और तेल मिलाकर बना रहे थे खुशबूदार हींग

सिंह ने आगे लिखा है कि, 'अजयगढ़ तहसील के एक दर्जन से अधिक ग्रामों में रेत माफिया द्वारा अभी तक 3 हजार करोड़ रूपये से अधिक की रेत अवैध रूप से बेची जा चुकी है।' उन्होंने स्थानीय लोगों के हवाले से आरोप लगाया है कि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व स्थानीय सांसद वीडी शर्मा और मध्य प्रदेश शासन के खनिज मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह का खनिज माफियाओं को सीधा संरक्षण प्राप्त है। 

राज्यसभा सांसद के मुताबिक कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक के अधीनस्थ अमले सहित खनिज विभाग के अधिकारियों की हजारों करोड़ रूपये के रेट घोटाले में संलिप्त हैं। उन्होंने लोकायुक्त जस्टिस से पन्ना जिले से ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों को हटाने के लिये राज्य शासन को पत्र लिखने की मांग की है। सिंह ने कहा है कि ऐसे भ्रष्ट अधिकारी हटेंगे तब ही रेत घोटाले की निष्पक्ष जांच हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: हम बेटियों का भविष्य छीन रहे हैं, मां सरस्वती भेद नहीं करती, कर्नाटक हिजाब विवाद पर राहुल गांधी

कांग्रेस नेता का दावा है कि घोटाले में लिप्त अधिकारी साक्ष्य मिटाने और जांच प्रभावित करने की कोशिशों में लगे हुए हैं। उन्होंने पत्र के आखिर में लिखा, 'चूंकि यह हजारों करोड़ का रेत घोटाला उच्चस्तरीय राजनैतिक संरक्षण और सहभागिता से चल रहा है। अतः मेरा आपसे अनुरोध है कि अवैध उत्खनन करने वाले खनिज माफियाओं एवं उनको संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर पुलिय महानिदेशक लोकायुक्त के नेतृत्व में मुख्यालय स्तर से सख्त कार्यवाही कराने का कष्ट करें।'