MP में जारी रहेगा फाइव डेज वर्किंग सिस्टम, 30 जून तक के लिए बढ़ाने का आदेश जारी

मध्य प्रदेश में अब 30 जून तक सप्ताह में पांच दिन ही खुलेंगे सरकारी दफ्तर, कोरोना को देखते हुए 22 अक्टूबर 2021 को लागू हुई थी ये व्यवस्था

Updated: Mar 23, 2022, 11:45 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में फाइव डेज वर्किंग सिस्टम फिलहाल जारी रहेगा। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश के मुताबिक पांच दिवस कार्यप्रणाली को 30 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है।

दरअसल, कोरोना काल में राज्य सरकार ने 22 जुलाई 2021 को दफ्तरों में कर्मचारियों की उपस्थिति सीमित करने के लिए पांच दिवस कार्यप्रणाली लागू किया था। इसके बाद 22 अक्टूबर 2021 को सरकार ने इसकी अवधि बढ़ाकर मार्च 2022 कर दी थी। तब से ही प्रदेश के सभी सरकारी दफ्तरों में सोमवार से शुक्रवार तक का कार्यदिवस लागू है। यानी सप्ताह में पांच दिन काम करने का आदेश प्रभावशील है।

मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को इस संबंध में नया आदेश जारी कर कहा है कि कोविड 19 महामारी के रोकथाम एवं बचाव के लिए प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में कार्यदिवस पांच दिन यानी सोमवार से शुक्रवार तक निर्धारित किया गया था। जिसकी अवधि मार्च 2022 में खत्म हो रही थी। इसे आगे बढ़ाते हुए 20 जून 2022 तक कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: ग्वालियर: पुलिस के सामने फौजी की प्रेग्नेंट पत्नी के साथ मारपीट, कपड़े फाड़े और रेप की धमकी भी दी

राज्य सरकार के इस फैसले को लेकर कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के स्टेट सेक्रेटरी उमाशंकर तिवारी ने कहा कि यह फैसला स्वागतयोग्य है। इसे हमेशा के लिए लागू करना चाहिए। क्योंकि केंद्र सरकार से लेकर कई राज्यों ने फाइव डे वीक सिस्टम लागू कर दिया है। तिवारी ने तर्क दिया कि पांच दिन करने से कर्मचारियों का जीवन बढ़ जाएगा। लाखों कर्मचारी बस और अपने वाहन से दफ्तर जाते हैं, ऐसे में ट्रैफिक कम होगा, लोगों का पैसा बचेगा, पेट्रोल-डीजल की बचत होगी, वहीं प्रदूषण भी काफी कम होगा। साथ ही सरकार को भी लाभ होगा। सरकारी वाहन भी बंद रहेंगे। दफ्तरों में चाय-नाश्ता, एसी-कूलर समेत बिजली का खर्च भी बचेगा।'