इंदौर में सनसनीखेज मर्डर: महिला ने अपने पति का हाथ, पैर, गर्दन और धड़ काटकर गाड़ दिया

पति करता था पिटाई, पत्नी ने अपने दोस्त की मदद से गला घोंट कर मार डाला, फिर शरीर के कई टुकड़े कर अलग-अलग जगह गाड़ दिया, नशे की हालत में 19 वर्षीय बेटे ने दोस्तों को बताया

Updated: Feb 25, 2022, 07:09 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज मर्डर केस सामने आया है। यहां एक महिला ने पहले अपने पति की हत्या की। फिर शरीर को ठिकाने लगाने के लिए काटकर उसके कई टुकड़े कर दिए। रूह कंपाने वाली इस घटना का पर्दाफाश तब हुआ जब नशे में उसके बेटे ने दोस्तों के सामने सारी सच्चाई उगल दी। 

मामला इंदौर के उमरीखेड़ा के पास स्थित कांकड का है। यहां 40 वर्षीय सुनीता नाम की महिला ने अपने पति बबलू की हत्या कर दी। पूछताछ में पता चला कि पति उससे आए दिन मारपीट करता था। इसके बाद सुनीता ने अपने एक 35 वर्षीय दोस्त रिजवान के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। सुनीता ने बीते 5 फरवरी को दाल-बाटी बनाया था। उसने बबलू को दाल में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इससे वह बेहोश हो गया। 

यह भी पढ़ें: NSE स्कैम में CBI ने आनंद सुब्रमण्यम को किया गिरफ्तार, नियुक्ति में रहस्यमयी बाबा के आदेश पर गहराया संदेह

जब बबलू बेहोश हो गया तो सुनीता और रिजवान ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को ठिकाने लगाने के किए उन दोनों ने बबलू के हाथ, पैर, गर्दन और धड़ काटकर अलग-अलग कर दिए। पुलिस के मुताबिक महिला ने उसके शरीर के टुकड़ों को अलग-अलग जगह फेंका और धड़ को जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने जब जेसीबी से खुदाई की तो पति का शव 6 फीट गहराई में मिला। मृतक का धड़ बोरी में बंद मिला। पुलिस उसके हाथ-पैर और गर्दन की भी तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक महिला का 19 वर्षीय बेटा नशे का आदी है। बुधवार को नशे में ही अपने दोस्तों को बताया कि मम्मी ने पापा को मारकर बाथरूम में गाड़ दिया है। इसके बाद दोस्तों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने गुरुवार को महिला को हिरासत में ले लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला पहले गणेशधाम कॉलोनी में रहती थी। पति की हत्या के बाद वह उमरीखेड़ा कांकड में रहने आ गयी। यहां उसके घर पर खुदाई का काम भी चल रहा था। पड़ोसियों ने इस बारे में जब पूछा तब उसने बाथरूम बनाने की बात कही थी। 

पुलिस ने बताया कि सुनीता बार-बार अपना बयान बदल रही है। पुलिस सुनीता के दोस्त रिजवान की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि सुनीता और रिजवान के बीच शारिरिक संबंध थे इसी वजह से उन्होंने बबलू को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। सुनीता और बबलू के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा प्रशांत नशे का आदी है जिसने नशे की हालत में मां की करतूत का खुलासा किया। पुलिस प्रशांत के दोस्तों और उसके छोटे भाई ध्रुव को भी तलाश रही है।