रीवा में दूल्हा सहित बारातियों को बनाया बंधक, विवाह के दौरान दुल्हन ने अचानक शादी से किया इनकार

रीवा में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान दुल्हन ने अचानक दूल्हे की दिमागी हालत खराब होने का आरोप लगाया, जिसके बाद लड़की पक्ष ने दूल्हा सहित सभी बारातियों को बंधक बना लिया, सुबह में दूल्हे के पिता जैसे तैसे बच निकलने में कामयाब हुआ, पुलिस के पहुंचने पर लड़की पक्ष बारातियों को छोड़ने पर राज़ी हुआ

Publish: Feb 22, 2022, 12:18 PM IST

Photo Courtesy: Patrika
Photo Courtesy: Patrika

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में एक वैवाहिक आयोजन के दौरान लड़की ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद लड़की पक्ष ने दूल्हा सहित सभी बारातियों को बंधक बना लिया। लड़की पक्ष ने दहेज में दिया सामान भी वापस मंगवा लिया। घटना की सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब जा कर लड़की पक्ष बारातियों को छोड़ने पर राज़ी हुआ। 

रीवा जिले के मऊगंज के वनपाडर में रविवार रात मानिकवार से बारात आई। लेकिन शादी की रस्म के दौरान अचानक दुल्हन ने दूल्हे की दिमागी हालत खराब होने का आरोप लगा दिया। दुल्हन का कहना था कि दूल्हा अजीब अजीब हरकतें कर रहा है। वहीं जयमाल के दौरान कुछ बाराती भी दुल्हन को लगातार छू रहे थे। बाराती दुल्हन पक्ष वाली लड़कियों को बताशे भी मार रहे थे। 

इतना सब देखने के बाद लड़की पक्ष वालों ने घर से लाठी डंडे निकाल लिए। जिसके बाद दूल्हा, दूल्हे के पिता सहित बारात में आए तमाम लोगों को बंधक बना लिया गया। हालांकि सुबह होते ही दूल्हे का पिता किसी तरह से भाग निकलने में कामयाब हो गया। 

यह भी पढ़ें : MP में नाइट कर्फ्यू से प्रतिबंध हटा, सीएम शिवराज ने किया एलान

दूल्हे के पिता ने मऊगंज थाने पहुंच कर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दूल्हे के पिता ने पुलिस से कहा कि डीजे और बस के किराए के लिए 75 हजार रुपए रखे थे, जिसे लड़की वालों ने छीन लिया है। वहीं दूल्हा और तमाम बारातियों को बंधक बनाकर रखा गया है। दूसरी तरफ लड़की वालों ने भी थाने पहुंच कर लड़के पक्ष वालों पर लड़के की दिमागी हालत छुपाने का आरोप लगाया। सारा मामला जानने के बाद जब मऊगंज थाने की पुलिस वनपाडर पहुंची तब लड़की पक्ष वालों ने बंधक बारातियों को छोड़ दिया।