अस्पताल में बिना मास्क के घूमती नज़र आईं प्रज्ञा ठाकुर, कांग्रेस बोली मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ ठीक नहीं

मध्य प्रदेश बीजेपी के कई नेताओं को लापरवाही बरतते देखा जा रहा है, कोई बिना मास्क के सार्वजनिक स्थलों पर दिखाई दे रहा है, तो कोई मास्क को सड़क पर फेंकने से भी परहेज़ नहीं कर रहा है

Updated: Jan 24, 2022, 05:42 AM IST

भोपाल। कोरोना संक्रमण के संकट काल में बीजेपी नेताओं की लापरवाही का सिलसिला जारी है। भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर बिना मास्क के अस्पतालों में घूमती नज़र आई हैं। बीजेपी नेता की इस लापरवाही पर कांग्रेस पार्टी ने अपात्ति दर्ज की है और इसे मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करार दिया है। 

सोशल मीडिया पर प्रज्ञा ठाकुर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें प्रज्ञा ठाकुर अपने समर्थकों के अस्पताल में घूमती नज़र आ रही हैं। यह वीडियो लालघाटी स्थित तृप्ति अस्पताल का बताया जा रहा है। जहां प्रज्ञा ठाकुर कथित तौर पर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही थीं। लेकिन इस दौरान कोरोना नियमों को ताक पर रखते हुए वे खुद बिना मास्क के घूमती नज़र आईं। 

कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने भाजपा सांसद के इस लापरवाही भरे रवैए की आलोचना की है। नरेंद्र सलूजा ने बिना मास्क के अस्पताल में घूमती प्रज्ञा ठाकुर का वीडियो साझा करते हुए कहा कि भोपाल सांसद का बगैर मास्क के अस्पताल में घूमना बेहद आपत्तिजनक है। यह अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ खिलवाड़ है।

मध्य प्रदेश में कोरोना के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 69 हजार के पार पहुंच गई है। लेकिन इस बीच खुद सत्ताधारी दल के नेता सार्वजनिक स्थलों पर न सिर्फ लापरवाही बरत रहे हैं, बल्कि कोरोना के नियमों का खुले तौर पर उल्लंघन कर रहे हैं। 

हाल ही में शिवराज सरकार में नंबर दो के मंत्री नरोत्तम मिश्रा और कृषि मंत्री कमल पटेल को बिना मास्क के भीड़ से बात करते हुए देखा गया था। उषा ठाकुर ने तो पत्रकार वार्ता के दौरान मास्क लगाने से ही इनकार कर दिया। उषा ठाकुर ने तर्क दिया कि कोरोना से मुकाबले के लिए उनका गमछा ही काफी है। वहीं इमरती देवी का एक वीडियो भी हाल ही में वायरल हुआ था, जिसमें बीजेपी नेत्री मास्क को सड़क पर फेंकती नज़र आई थीं।