CWC के मेंबर बनाए गए अभिषेक मनु सिंघवी और कुमारी शैलजा, अजय लल्लू को भी मिली जगह

उदयपुर चिंतन शिविर के बाद कांग्रेस में संगठनात्मक बदलावों का दौर जारी, अभिषेक मनु सिंघवी और कुमारी शैलजा कार्यसमिति के सदस्य नियुक्त, टी सुब्बारामी स्थाई आमंत्रित सदस्य और अजय कुमार लल्लू विशेष आमंत्रित सदस्य

Updated: Jun 23, 2022, 08:30 AM IST

नई दिल्ली। उदयपुर चिंतन शिविर के बाद कांग्रेस में संगठनात्मक बदलावों का दौरा जारी है। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा और राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी को कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देशानुसार ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

कांग्रेस पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भी कार्यसमिति में जगह दी गई है। उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया था। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री टी सुब्बारामी स्वामी को स्थाई आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। 

कुमारी सैलजा सोनिया गांधी की बेहद करीबी मानी जाती हैं और कुछ समय पहले तक वो हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष थीं। अभिषेक मनु सिंघवी सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता होने के साथ काफी समय से राज्यसभा सांसद और पार्टी के अधिकृत प्रवक्ता हैं। माना जा रहा है कि कपिल सिब्बल के पार्टी छोड़ने के बाद कांग्रेस में सिंघवी का कद बढ़ा है और इसी का नतीजा है कि उन्हें CWC में बतौर मेंबर रखा गया है।

यह भी पढ़ें: Maharashtra political crisis: CM पद और पार्टी दोनों खोने की कगार पर ठाकरे, शिंदे कैंप ने लिखा पत्र

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देशानुसार सुप्रिया श्रीनेत को सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म की चेयरपर्सन नियुक्त किया गया था। श्रीनेत से पहले यह भूमिका रोहन गुप्ता निभा रहे थे। उन्हें कांग्रेस ने तत्काल प्रभाव से राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। इसके पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश को संचार विभाग का प्रमुख और पवन खेड़ा को संचार विभाग में मीडिया एवं प्रचार कमेटी का चीफ बनाया गया था।