पंजाब को मिला नया कैप्टन, चरणजीत सिंह चन्नी होंगे नए सीएम

सीएम की रेस में पहले रंधावा का नाम आगे चल रहा था , लेकिन पार्टी ने चरणजीत सिंह के नाम पर अपनी मुहर लग गई

Updated: Sep 19, 2021, 12:48 PM IST

नई दिल्ली। पंजाब को आखिरकार नया कैप्टन मिल गया है। चरणजीत सिंह पंजाब के नए सीएम होंगे। चरणजीत सिंह कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार में तकनीकी शिक्षा मंत्री रह चुके हैं। चरणजीत सिंह चन्नी दलित चेहरा हैं। लिहाज़ा इसे कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है। पंजाब के इतिहास में पहली मर्तबा कोई दलित चेहरा मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरिश रावत ने खुद चन्नी को मुख्यमंत्री बनाने की जानकारी साझा की है। 6.30 बजे चरणजीत सिंह चन्नी को राज्यपाल ने मुलाकात के लिए बुलाया है। चरणजीत सिंह चन्नी मौजूदा वक्त में चमकौर साहिब विधानसभा सीट से विधायक हैं।चन्नी अतीत में पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं। वे 2015-16 के बीच नेता प्रतिपक्ष थे। 

रविवार के दिन पंजाब की सियासत में एक के बाद एक नाटकीय मोड़ देखने को मिला। चरणजीत सिंह चन्नी से पहले सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम सीएम पद की रेस में सबसे आगे चल रहा था। लेकिन अचानक ही बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। और चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाने का एलान हो गया।

 
शनिवार शाम को कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद से ही नए सीएम के नाम को लेकर गहमागहमी जारी थी। मुख्यमंत्री पद की दावेदारी में अंबिका सोनी, सुनील जाखड़ और सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम सामने आए थे। लेकिन अंबिका सोनी और सुनील जाखड़ का नाम जल्द ही रेस से बाहर हो गया। सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम ज़रूर सबसे आगे चल रहा था, लेकिन पंजाब कांग्रेस के एक धड़े का मत यह था कि एक दलित चेहरे को सीएम बनाया जाना चाहिए।