गुजरात फतह के लिए कांग्रेस कल से शुरू करेगी परिवर्तन संकल्प यात्रा, दिग्विजय, गहलोत समेत इन दिग्गजों को मिली कमान

गुजरात में कांग्रेस अब एक्टिव मोड में आ गई है। कांग्रेस कल से 'परिवर्तन संकल्प' यात्रा निकालेगी। कुल 5 परिवर्तन यात्राएं शुरू की जाएंगी जो 175 विधानसभा सीटों को कवर करेंगी।

Updated: Oct 30, 2022, 03:50 PM IST

अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव के आखिरी दिनों में विपक्षी दल कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस कल से राज्य में पांच परिवर्तन यात्राएं शुरू करने जा रही है। ये यात्राएं 175 विधानसभा सीटों को कवर करेंगी। इन यात्राओं का कमान दिग्विजय सिंह और अशोक गहलोत जैसे दिग्गजों को सौंपा गया है।

सोमवार सुबह मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह नेतृत्व में गुजरात के भुज जिले से परिवर्तन संकल्प यात्रा शुरू होगी। कच्छ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह जडेजा ने बताया कि दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में भुज से शुरू होकर यह यात्रा दो दिनों में छह विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी जो जामनगर और मोरबी जिलों से होते हुए आगे बढ़ेगी।

दूसरी यात्रा उत्तरी गुजरात के पालनपुर से निकाल  जाएगी जिसका नेतृत्व राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत करेंगे। यह यात्रा पूरे उत्तर गुजरात क्षेत्र को कवर करेगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तीसरी यात्रा का नेतृत्व करेंगे। यह खेड़ा जिले के फागवेल से शुरू होगी और पूरे मध्य गुजरात को कवर करेगी।

यह भी पढ़ें: हम टूट रही उम्मीदों को जोड़ने निकले हैं, भारत जोड़ो यात्रा को लेकर बोले कन्हैया कुमार

कांग्रेस नेता मुकुल वासनिक भरूच जिले के जंबूसर से शुरू होने वाली चौथी परिवर्तन संकल्प यात्रा का नेतृत्व करेंगे। यह यात्रा पूरे दक्षिण गुजरात को कवर कवर करेगी। वहीं सौराष्ट्र क्षेत्र के जिलों में यात्रा का नेतृत्व मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ करेंगे। यह यात्रा सोमनाथ से शुरू होगी।

परिवर्तन यात्राएं पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के नेतृत्व में हरी झंडी दिखाकर रवाना होंगी। माना जा रहा है कि पार्टी का चुनाव अभियान चरम पर होगा और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। इन पांच यात्राओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सियासी जानकार इन यात्राओं को गुजरात की राजनीति का गेम चेंजर मान रहे हैं। 

182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा के चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा अभी बाकी है।बीजेपी गुजरात में करीब तीन दशकों से सत्ता में है। चुनावों से पहले, सत्तारूढ़ भाजपा ने हाल ही में गुजरात गौरव यात्रा का आयोजन किया है।