मुंबई के लिए निकले शिंदे 3 घंटे में वापस होटल लौट आए, राउत ने दी थी मुंबई आने की चुनौती

रिपोर्ट्स के मुताबिक संजय राउत की चुनौती के बाद एकनाथ शिंदे गुवाहाटी से मुंबई के लिए रवाना हो गए थे, हालांकि, अब खबर आई कि तीन घंटे में वापस वे होटल लौट आए, इससे पहले संजय राउत ने कहा था की बागियों को महाराष्ट्र आना और घूमना मुश्किल हो जाएगा

Updated: Jun 24, 2022, 11:25 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र में जारी सियासी घटनाक्रमों में सस्पेंस अपने उफान पर है। शिवसेना के बागी गुट के नेता एकनाथ शिंदे आज आरपार की मूड में दिख रहे थे। खबर आई कि एकनाथ शिंदे ने संजय राउत का चैलेंज स्वीकार कर लिया है और गुवाहाटी से मुंबई के लिए भी रवाना हो चुके हैं। 

दरअसल, संजय राउत के बागी विधायकों को मुंबई आकर बात करने की चुनौती देने के 50 मिनट बाद एकनाथ शिंदे गुवाहाटी स्थित होटल से निकल गए थे। बताया गया की शिंदे मुंबई आकर डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल से मुलाकात कर सकते हैं और विधायकों के समर्थन वाला लेटर भी जिरवाल को सौंप सकते हैं। हालांकि, तीन घंटे में वे वापस लौट आए। फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं है कि तीन घंटे के लिए वे कहां गए थे।

यह भी पढ़ें: NCP चीफ शरद पवार को मिल रही धमकियां, सियासी संकट के बीच संजय राउत का दावा

दरअसल, शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बागी विधायकों को चुनौती देते हुए कहा था कि यदि हिम्मत है तो वे वापस मुंबई लौटें। राउत ने कहा कि, 'बागियों को वापस मुंबई आना और सड़कों पर घूमना मुश्किल हो जाएगा। हम फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार हैं। सदन से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ेंगे।'

इसी बीच शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, 'ठाकरे का नाम लिए बिना ये लोग नहीं रह सकते हैं। कभी शिवसेना के लिए मरने की बात कहते थे, अब पार्टी तोड़ना चाहते हैं। मैं हार नहीं मानूंगा। मैं पिछले 6-7 महीने से बीमार हूं।' उद्धव सरकार ने बागी 40 विधायकों के PSO (निजी सचिव अधिकारी, कमांडो और कांस्टेबल) के खिलाफ एक्शन लेने का आदेश दिया है।

उधर शिवसेना ने 4 और विधायकों को अयोग्य ठहराने की चिट्ठी विधानसभा के डिप्टी स्पीकर को भेजी है। शिवसेना ने गुरुवार को 12 विधायकों को अयोग्य ठहराने की चिट्ठी पहले ही लिख चुकी है। शिवसेना के विधायकों का मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर एकनाथ शिंदे कैंप को ज्वाइन करने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह खबर आई है कि मुंबई से दो और शिवसेना विधायक दिलीप लांडे और भास्कर जाधव गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं।

इससे पहले संजय राउत ने आज सुबह कहा था कि बातचीत का वक्त खत्म हो गया है। अब हम बागियों को बताएंगे कि शिवसेना क्या है? अब हम हार नहीं मानेंगे। फ्लोर टेस्ट होने के बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। मुंबई आकर लड़ाई करें, फिर परिणाम दिखेगा। वहीं एकनाथ शिंदे ने कहा कि उद्धव सरकार अल्पमत में है। हमारे विधायकों को डराने की कोशिश की जा रही है। हमें कोई डरा नहीं सकता है। हमारे पास शिवसेना के 39 और निर्दलीय 14 विधायक हैं।