खालिस्तान का पहला पीएम बनना चाहते थे केजरीवाल, कुमार विश्वास का बड़ा खुलासा

कुमार विश्वास ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है कि अरविंद केजरीवाल ने उनसे कहा था कि या तो मैं पंजाब का मुख्यमंत्री बनूंगा या स्वतंत्र पंजाब का पहला प्रधानमंत्री बनूंगा

Updated: Feb 16, 2022, 11:23 AM IST

Photo Courtesy: Naidunia
Photo Courtesy: Naidunia

नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव की वोटिंग से ठीक पहले पूर्व आप नेता कुमार विश्वास ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर बड़ा खुलासा किया है। कुमार विश्वास ने बताया है कि अरविंद केजरीवाल के मन में खालिस्तान का पहला प्रधानमंत्री बनने की चाहत थी। कुमार विश्वास का दावा है कि अरविंद केजरीवाल ने अपनी यह चाहत खुद उनके सामने बयां की थी।  

कुमार विश्वास ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बताया है कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के अलगाववादियों का समर्थन ले रहे थे। एक बार दिल्ली सीएम ने उनसे कहा था कि एक दिन या तो मैं पंजाब का मुख्यमंत्री बनूंगा या स्वतंत्र पंजाब (खालिस्तान) का पहला प्रधानमंत्री बनूंगा। कुमार विश्वास ने कहा कि अरविंद केजरीवाल आज भी उसी राह पर हैं। अगर वे मुख्यमंत्री ने भी बनें तब भी वे अपनी किसी कठपुतली को पंजाब की सत्ता पर बैठा देंगे।

कुमार विश्वास ने कहा कि जब उन्होंने खुद अरविंद केजरीवाल को अलगाववादियों से दूरी बनाने की सलाह दी तब आप संयोजक ने उनसे कहा कि तो क्या हुआ, मैं स्वतंत्र पंजाब का पहला पहला प्रधानमंत्री बन जाऊंगा। कुमार विश्वास ने दावा किया कि यह ऐसी बातें हैं जो पंजाब में सबको पता हैं।

कुमार विश्वास के इस खुलासे ने राजनीति सरगर्मियां तेज़ कर दी हैं। हालांकि कुमार विश्वास के इस आरोप पर अब तक आम आदमी पार्टी और खुद अरविंद केजरीवाल की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आयी है। लेकिन वोटिंग से ठीक कुछ दिनों पहले कुमार विश्वास के इस बयान से आम आदमी पार्टी को पंजाब में भारी नुकसान होने के कयास लगाये जा रहे हैं।  

कुमार विश्वास के इस बयान पर कांग्रेस नेता संजय निरूपम ने प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी पर पंजाब को आग में झोंकने की साज़िश रचने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता ने कहा है कि अगर कुमार विश्वास की बातें सही है तो उन्होंने केजरीवाल के भयंकर इरादों का खुलासा किया है।पंजाब बड़ी मुश्किल से अलगाववाद से बाहर निकला है।कहीं सस्ता पानी-बिजली का गाजर दिखाकर आम आदमी पा्टी फिर पंजाब को आग में ना झोंक दे।यह पूरे देश के लिए खतरनाक होगा।

यह भी पढ़ें ः सीएम चन्नी और केजरीवाल में छिड़ा ट्विटर वॉर, पंजाब सीएम ने दिल्ली सीएम को बताया फर्जी नास्त्रेदमस

यह पहली बार नहीं है जब कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल को लेकर ऐसा कोई खुलासा किया हो। कुमार विश्वास ने इससे पहले बताया था कि पंजाब के पिछले विधानसभा चुनावों के वक्त ही अरविंद केजरीवाल पंजाब का मुख्यमंत्री बनने की तैयारी कर रहे थे। कुमार विश्वास का दावा था कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली की कमान मनीष सिसोदिया को सौंप कर खुद पंजाब का मुख्यमंत्री बनना चाहते थे। 

पूर्व आप नेता ने कहा था कि यह बात भी खुद अरविंद केजरीवाल ने उन्हें बतायी थी। लेकिन जब उन्होंने केजरीवाल से कहा कि पंजाब के लोग एक हिंदू चेहरे को अपने सीएम के तौर पर पसंद नहीं करेंगे। इस पर केजरीवाल ने कथित तौर पर अपनी योजना के बारे में बताया था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सबसे सीटें आने पर आप की पंजाब इकाई के नेताओं के बीच आपसी लड़ाई का फायदा वे खुद उठा लेंगे और पंजाब के सीएम बन जायेंगे। हालांकि 2017 में पंजाब की जनता ने कांग्रेस को जिता दिया।