भारत में ही हैं परमबीर सिंह, मुंबई आने से लगता है डर, वकील ने सुप्रीम कोर्ट को दी जानकारी

सुप्रीम कोर्ट में परमबीर सिंह ने गिरफ्तारी से रोक लगाने हेतु याचिका दाखिल की है, जिसमें परमबीर सिंह ने कहा है कि उन्हें महाराष्ट्र में अपनी जान को खतरा है, इसलिए वे पुलिस के सामने पेश नहीं हो रहे हैं

Publish: Nov 22, 2021, 09:26 AM IST

नई दिल्ली। अदालत द्वारा भगौड़ा घोषित मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर संरक्षण देने की मांग की है। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को हुई याचिका की सुनवाई के दौरान परमबीर सिंह के वकील ने बताया कि पूर्व पुलिस कमिश्नर इस समय भारत में ही हैं, लेकिन उन्हें महाराष्ट्र में जान का खतरा है। इसलिए वे पुलिस के सामने पेश नहीं हो रहे हैं। 

परमबीर सिंह के वकील द्वारा दी गई इस दलील पर सुप्रीम कोर्ट ने हैरानी जाहिर की। कोर्ट ने कहा कि ये दलील बेहद अजीबोगरीब है कि मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर को मुंबई आने और जाने में डर लग रहा है। सुप्रीम कोर्ट के कहा कि जब तक परमबीर सिंह यह नहीं बताते कि वे कहां हैं, तब तक कोर्ट उन्हें संरक्षण नहीं दे सकता। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने परमबीर सिंह के वकील की दलीलें सुनने के बाद पूर्व पुलिस कमिश्नर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। 

परमबीर सिंह की याचिका की सुनवाई के दौरान पूर्व पुलिस कमिश्नर के वकील ने बताया कि परमबीर सिंह पर महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर लगाए गए आरोपों को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। वकील ने दावा किया कि महाराष्ट्र की सीमा में प्रवेश करने भर से परमबीर सिंह की जान को खतरा है। उन्हें अपनी हत्या की जाने का डर सता रहा है। वकील की दलीलों को सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने परमबीर सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। सुप्रीम कोर्ट में परमबीर सिंह की याचिका पर अगली सुनवाई 6 दिसम्बर को होगी। 

यह भी पढ़ें : पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर भगौड़ा घोषित, सरेंडर नहीं करने पर जब्त होगी संपत्ति

बीते बुधवार को मुंबई की एक अदालत ने परमबीर सिंह को भगौड़ा घोषित कर दिया था। परमबीर सिंह के खिलाफ पहले ही गैर जमानती वारंट जारी किया जा चुका है। परमबीर सिंह पर वसूली के आरोप लगे हैं। पिछले कई महीनों ने परमबीर सिंह फरार चल रहे हैं। कयास लगाए जा रहे थे कि परमबीर सिंह देश छोड़कर भाग गए हैं। लेकिन परमबीर सिंह के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में इस दावे को खारिज किया है।