समीर वानखेड़े का बार लाइसेंस हुआ रद्द, उम्र की गलत जानकारी देने का आरोप

एनसीबी से विदाई होने के बाद फिर विवादों से घिरे समीर वानखेड़े, ठाणे कलेक्टर ने रद्द किया रेस्टोरेंट और बार का लाइसेंस

Updated: Feb 02, 2022, 03:07 PM IST

मुंबई। एनसीबी से विदाई होने के बाद आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। समीर वानखेड़े के बार और रेस्टोरेंट का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। वानखेड़े को नाबालिग रहते हुए बार और रेस्टोरेंट का लाइसेंस दिया गया था। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नवी मुंबई के वाशी इलाके में सद्गुरु फैमिली बार और रेस्टोरेंट है। यह रेस्टोरेंट समीर वानखेड़े और उनके परिवार का है। जिसका ठाणे ज़िला कलेक्टर ने लाइसेंस रद्द कर दिया है। 

समीर वानखेड़े ने इसका लाइसेंस जब हासिल किया था, तब वे नाबालिग थे। आरोप है कि समीर वानखेड़े ने अपनी उम्र की गलत जानकारी देकर इसे  हासिल किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक समीर वानखेड़े को यह लाइसेंस 29 अक्टूबर 1997 को मिला था, जबकि उस समय कागजों में समीर वानखेड़े की उम्र महज 17 वर्ष और ग्यारह महीने थी।

एनसीपी नेता नवाब मलिक ने इस संबंध में शिकायत भी दर्ज कराई थी। अब लाइसेंस रद्द होने के बाद बार और रेस्टोरेंट से तमाम सामग्रियों को भी जब्त किया जाएगा। ठाणे जिले के एक्साइज एसपी ने मीडिया को बताया कि ठाणे कलेक्टर के आदेश पर समीर वानखेड़े के बार और रेस्टोरेंट के लाइसेंस को स्थाई तौर पर रद्द कर दिया गया है।

समीर वानखेड़े और विवादों का चोली दामन का नाता रहा है। समीर वानखेड़े विवादों में उस दौरान घिर गए जब आईआरएस अधिकारी पर उगाही के लिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को ड्रग्स के फर्जी में फंसाने का आरोप लगा। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को ड्रग्स मामले में गिरफ्तार करने के बाद वानखेड़े को लेकर एक के बाद एक खुलासे होने लगे। नवाब मलिक ने वानखेड़े पर आरोपों की झड़ी लगा दी। जिसके बाद समीर वानखेड़े विवादों में फंसते चले गए। हाल ही में एनसीबी से उनकी विदाई भी हो गई।