हमारी रगों में जो खून दौड़ता है, आप जैसे कायर तानाशाह के सामने झुकेंगे नहीं: पीएम मोदी पर बरसी प्रियंका गांधी

जिसे आप ख़त्म करने में लगे हैं। इस परिवार ने भारत की जनता की आवाज़ बुलंद की और पुश्तों से सच्चाई की लड़ाई लड़ी। आप जैसे कायर, सत्तालोभी तानाशाह के सामने कभी नहीं झुका और कभी नहीं झुकेगा: प्रियंका गांधी

Updated: Mar 24, 2023, 07:48 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वायनाड से संसद की सदस्यता रद्द करने के खिलाफ देशभर में आक्रोश देखा जा रहा है। कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल लोकसभा सचिवालय के इस कदम की आलोचना की है। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का भी बयान सामने आया है। प्रियंका ने सीधे पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी रगों में जो खून दौड़ता है, आप जैसे कायर तानाशाह के सामने झुकेंगे नहीं।

प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट थ्रेड में लिखा, "नरेंद्र मोदी जी आपके चमचों ने एक शहीद प्रधानमंत्री के बेटे को देशद्रोही, मीर जाफ़र कहा। आपके एक मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी का पिता कौन है?कश्मीरी पंडितों के रिवाज निभाते हुए एक बेटा पिता की मृत्यु के बाद पगड़ी पहनता है, अपने परिवार की परंपरा क़ायम रखता है… भरी संसद में आपने पूरे परिवार और कश्मीरी पंडित समाज का अपमान करते हुए पूछा कि वह नेहरू नाम क्यों नहीं रखते…. लेकिन आपको किसी जज ने दो साल की सज़ा नहीं दी। आपको संसद से डिस्क्वालिफाई नहीं किया।"

प्रियंका गांधी ने आगे लिखा, "राहुल जी ने एक सच्चे देशभक्त की तरह अडानी की लूट पर सवाल उठाया... नीरव मोदी और मेहूल चौकसी पे सवाल उठाया…। क्या आपका मित्र गौतम अडानी देश की संसद और भारत की महान जनता से बड़ा हो गया है कि उसकी लूट पर सवाल उठा तो आप बौखला गए?"

प्रियंका गांधी ने चेतावनी देते हुए कहा कि, "आप मेरे परिवार को परिवारवादी कहते हैं, जान लीजिए, इस परिवार ने भारत के लोकतंत्र को अपने खून से सींचा जिसे आप ख़त्म करने में लगे हैं। इस परिवार ने भारत की जनता की आवाज़ बुलंद की और पुश्तों से सच्चाई की लड़ाई लड़ी। हमारी रगों में जो खून दौड़ता है उसकी एक ख़ासियत है… आप जैसे कायर, सत्तालोभी तानाशाह के सामने कभी नहीं झुका और कभी नहीं झुकेगा। आप कुछ भी कर लीजिए।"

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय ने भी केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। सिंह ने कहा, "मोदी जी आप अडानी मामले पर कब तक चुप रहिएगा? आपकी जुबान से अडानी महाघोटाले पर आज तक एक भी शब्द क्यों नहीं निकला? आप संसद में चर्चा क्यों नहीं होने दे रहे हैं? आखिर आप हमें बोलने से कब तक रोकेंगे?"