बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित, वरुण गांधी और मेनका गांधी को किया गया बाहर

दोनों नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल नहीं किए जाने के पीछे किसान आंदोलन के प्रति वरुण गांधी के रुख को बड़ा कारण माना जा रहा है, वरुण गांधी इन दिनों लगातार बीजेपी सरकारों की आलोचना करते नजर आ रहे हैं

Updated: Oct 07, 2021, 09:25 AM IST

Photo Courtesy: Amar Ujala
Photo Courtesy: Amar Ujala

नई दिल्ली। भारतीय जानता पार्टी ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित कर दी है। बीजेपी ने कुल 80 नेताओं को अपनी कार्यकारिणी में जगह दी है। लेकिन बीजेपी नेता वरुण गांधी और मेनका गांधी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर कर दिया है।

पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी और मेनका गांधी को बीजेपी ने कार्यकारिणी में शामिल न कर चकित कर दिया है। बीजेपी के इस कड़े फैसले के पीछे हाल ही में आंदोलनरत किसानों के प्रति वरुण गांधी के नरमी भरे रुख को बड़ा कारण माना जा रहा है। वरुण गांधी बीते कुछ दिनों से मुखरता के साथ किसानों के पक्ष में खड़े नजर आ रहे हैं। किसानों के खिलाफ हो रहे अत्याचार के विरोध में भी वे बीजेपी सरकारों की आलोचना कर रहे हैं। 

बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लालकृष्ण आडवाणी, गृह मंत्री अमित शाह, मुरली मनोहर जोशी समेत 80 नेता शामिल हैं। इनके अलावा राष्ट्रीय कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित सदस्य और 179 स्थाई आमंत्रित सदस्य होंगे। जेपी नड्डा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक 7 नवंबर को दिल्ली में होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें ः प्रदर्शनकारियों को हत्या से चुप नहीं कराया जा सकता, वरुण गांधी ने बीजेपी सरकार पर बोला हमला

वरुण गांधी ने आज ही लखीमपुर नरसंहार का एक नया वीडिया अपने ट्विटर हैंडल पर साझा किया था। वीडियो साझा करते हुए वरुण गांधी ने बीजेपी सरकार के खिलाफ काफी आक्रमक टिप्पणी की थी। वरुण गांधी ने कहा था कि हत्या से प्रदर्शनकारियों को चुप नहीं कराया जा सकता। वरुण गांधी ने जल्द से जल्द पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की थी।