त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग शुरू, EVM में कैद होगी 259 उम्मीदवारों की किस्मत

त्रिपुरा में BJP 55 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसकी सहयोगी आईपीएफटी ने छह सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं CPM 47 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

Updated: Feb 16, 2023, 03:46 AM IST

त्रिपुरा। त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। इस बार अलग-अलग पार्टियों से 259 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सुबह 7 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक वोटिंग की जाएगी। इस बार चुनाव में 13.53 लाख महिलाओं समेत कुल 28.13 लाख मतदाता वोट डालेंगे।

त्रिपुरा में वोटिंग के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी गित्ते किरणकुमार दिनकरराव ने कहा कि 3,337 पोलिंग बूथ पर वोटिंग हो रही है। इनमें से 1,100 बूथ संवेदनशील हैं, जबकि 28 बूथ अति-संवेदनशील हैं। इन इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जैसे ही चुनाव प्रचार समाप्त हुआ था राज्य में धारा 144 लागू कर दी गई थी।

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा के बाद दिग्विजय सिंह अब मिशन मध्य प्रदेश के लिए तैयार, प्रदेशभर में ताबड़तोड़ दौरे

त्रिपुरा चुनाव में सत्तारूढ़ बीजेपी बड़ी जीत की उम्मीद कर रही है। उधर, सीपीएम ने कांग्रेस से हाथ मिला लिया है। त्रिशंकु सदन होने की स्थिति में नई पार्टी टिपरा मोथा के पास सारे पत्ते रहेंगे। राज्य में बीजेपी और कांग्रेस-लेफ्ट के गठबंधन के बीच सीधी लड़ाई बताई जा रही है। हालांकि, त्रिपुरा राजवंश के उत्तराधिकारी प्रद्योत देबबर्मा की पार्टी टिपरी मोथा पर भी सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। प्रद्योत की पार्टी ने राज्य के आदिवासी क्षेत्रों में काफ़ी पैठ बना ली है और कई सीटों पर कड़ी टक्कर दे रही है।

त्रिपुरा में भाजपा 55 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसकी सहयोगी आईपीएफटी ने छह सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, एक सीट पर दोस्ताना मुकाबला होगा। वहीं, CPM 47 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस 13 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

यह भी पढ़ें: क्रिकेट के मैदान पर हादसा: सिंधिया के शॉट से फूटा बीजेपी कार्यकर्ता का सिर, अस्पताल में भर्ती

त्रिपुरा में 30 से अधिक वर्षों तक सीपीएम का शासन था। 2018 में उलटफेर कर भाजपा ने इतिहास रचा। राज्य की 60 में से 36 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की। इससे पहले तक भाजपा की यहां व्यावहारिक रूप से उसकी कोई उपस्थिति नहीं थी। सीपीएम ने 2018 में 16 सीटें जीतीं थीं। त्रिपुरा के बाद मेघालय और नागालैंड में 27 फरवरी को चुनाव होने हैं। वोटों की गिनती एक साथ 2 मार्च को होगी।