शेयर बाजार धड़ाम: पांच दिनों में 3800 अंकों से ज्यादा फिसला सेंसेक्स, निवेशकों ने गंवाए 20 लाख करोड़ रुपए

हफ्ते के पहले दिन भी शेयर बाजार में गिरावट का ट्रेंड जारी, गिरावट में सभी 30 शेयर्स, 5 दिनों में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स करीब 3,800 अंक नीचे जा लुढ़का 

Updated: Jan 24, 2022, 03:57 PM IST

मुंबई। भारतीय शेयर बाजारों में आज लगातार पांचवे दिन भारी गिरावट देखने को मिली। हफ्ते के पहले दिन ही बाजार में 1,545 अंकों की गिरावट दर्ज की गई जो पिछले 5 दिनों में सर्वाधिक है। सोमवार को सभी 30 शेयर्स गिरावट में रहे। पिछले पांच दिनों में शेयर बाजार कुल 3,816 पॉइंट लुढ़का है। 

शेयर बाजार में भारी गिरावट के कारण हफ्ते भर में निवेशकों के 20 लाख करोड़ से ज्यादा के नुकसान होने का अनुमान है। सोमवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,545 पॉइंट्स (2.62%) गिर कर 57,491 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 468 अंक (2.66%) टूटकर 17,149 पर बंद हुआ। पिछले हफ्ते शुक्रवार को मार्केट कैप 270 लाख करोड़ रुपए था जो सोमवार को लुढ़क कर 260.44 लाख करोड़ रुपए रहा।

यह भी पढ़ें: अमीर बढ़ा रहे हैं असमानता, अपने हिस्से का टैक्स चुकाने के लिए दुनिया के करोड़पतियों ने लिखी चिट्ठी

सेंसेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट टाटा स्टील और बजाज फाइनेंस में दर्ज की गई। यह दोनों शेयर तकरीबन 6 फीसदी गिरे। उधर विप्रो, टेक महिंद्रा और टाइटन के शेयर भी 5 फीसदी से ज्यादा टूटे। मार्केट कैप के लिहाज से सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का स्टॉक 4 फीसदी जबकि HCL टेक, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स के शेयर्स 3.5 फीसदी गिरकर बंद हुए। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गिरावट से कोई नहीं बचा।

बता दें कि सेंसेक्स आज 14 पॉइंट्स नीचे 59,023 पर खुला था और यही इसका पहले घंटे में ऊपरी स्तर भी था। इसका निचला स्तर 57,117 का था। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर्स में एशियन पेंट्स, डॉ. रेड्‌डी, विप्रो और HCL टेक हैं। इस दौरान शेयर बाजार में घरेलू और विदेशी निवेशकों की जबरदस्त बिकवाली देखी गई। एक्सपर्ट्स के मुताबिक,  बाजार में गिरावट की वजह FII की भारी बिकवाली है। दरअसल, FII ने पिछले तीन कारोबारी सत्र में करीब 11,000 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयर बेच दिए हैं।