6 घंटे तक बंद रही व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टा की सेवाएं, 5 फीसदी गिर गए फ़ेसबुक के शेयर के दाम

सोमवार रात करीब 9.15 बजे तीनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अचानक ठप हो गए, सुबह चार बजे से इनकी सेवाएं बहाल होना चालू हुईं, सेवाएं ठप होने की विस्तृत जानकारी अभी आना बाकी है

Updated: Oct 05, 2021, 05:21 AM IST

नई दिल्ली। सोमवार रात से ही दुनियाभर के स्मार्टफोन यूजर्स चिंता में पड़ गए। रात करीब 9.15 बजे तीन प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम की सेवाएं अचानक ठप हो गईं। बताया गया कि ऐसा सर्वर डाउन होने के कारण हुआ। 6 घंटे से ज्यादा समय तक दुनियाभर के यूजर्स परेशानी में पड़ गए। यूजर्स की परेशानी बढ़ने के साथ साथ सेवा ठप होने का खामियाजा फेसबुक को भी भुगतना पड़ा। फेसबुक के शेयर में भारी गिरावट दर्ज की गई।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की सेवाएं अचानक ठप होने के बाद ट्विटर पर लोग व्हाट्सएप और फेसबुक के बंद होने की शिकायत करने लगे। उधर सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक और व्हाट्सएप ने अपने यूजर्स से धीरज बनाए रखने की अपील की। कम्पनियों ने कहा कि वे इस समस्या का जल्द से जल्द हल निकालने की कोशिश में जुटी हुई हैं। 

पूरी रात भर इंतजार करने के बाद फेसबुक की तरफ से सुबह चार बजे यह जानकारी सामने आई कि अब धीरे धीरे सेवाएं बहाल होना शुरू हो गई हैं। फेसबुक ने अपने यूजर्स को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट किया और साथ ही इस असुविधा के लिए अपने यूजर्स से माफी भी मांगी। फेसबुक और व्हाट्सएप ने धैर्य बनाए रखने के लिए अपने यूजर्स का आभार व्यक्त किया। 

क्यों डाउन हुआ सर्वर

व्हाट्सएप और फेसबुक की सेवाएं क्यों ठप हुईं, इसकी विस्तृत जानकारी आना अभी बाकी है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात का उल्लेख किया जा रहा है कि DNS सिस्टम में तकनीकी खामी आने के कारण इनकी सेवाएं ठप हो गईं। DNS सिस्टम इंटरनेट के बैकबोन की तरह ही होता जो यूजर्स के ब्राउज़र को फेसबुक, ट्विटर जैसे साइट्स की आईपी एड्रेस की जानकारी देता है। 

धड़ाम से गिरे फेसबुक के शेयर 

सेवाएं ठप होने के कारण फेसबुक के शेयर भी तेज़ी से गिरने लगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार को फेसबुक के शेयर करीब 4.9 फीसदी तक गिर गए। कम्पनी का बाजार मूल्य भी 52 हजार करोड़ रुपए तक घट गया। इस आउटेज की वजह से अमेरिका में फेसबुक को प्रति घंटे 5 लाख 45 हजार डॉलर तक एड रेवेन्यू का घाटा हुआ।