भोंपू का पुलिसिया उपचार, जबलपुर पुलिस ने भोंपूबाजों का ऐसे उतारा भूत, वीडियो वायरल
भीड़-भाड़ वाले जगहों पर कर्कश भोंपू बजाने वाले मनचलों के खिलाफ पुलिस का एक्शन, उनके कानों में बजवाए भोंपू, सड़क कर उठक-बैठक भी लगवाई।

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में इस बार नवरात्र उत्सव की धूम रही। लोग देर रात तक दुर्गा प्रतिमाओं और झांकियां को देखने के लिए सड़कों पर निकले। शहर में हर जगह भीड़-भाड़ थी। लेकिन कुछ ऐसे मनचले भी थे जो लोगों को केवल परेशान करने के लिए सड़कों पर निकल रहे थे। वे भीड़भाड़ खासकर जहां महिलाएं होती वहां तेज और कर्कश आवाज में भोंपू बजाने लगते। शिकायतें जब बढ़ने लगी तो पुलिस ने अपने अंदाज में इन भोंपूबाजों को सबक सिखाया।
दरअसल, जबलपुर जिले के गढ़ा थानाक्षेत्र में कुछ युवक रामलीला के मेले से भोंपू खरीदकर राह चलते लोगों को परेशान कर रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये मोटरसाइकिल पर घूमते हुए लोगों के पास जाकर तेज आवाज में भोंपू बजा रहे थे। स्थानीय पुलिस को इसकी काफी शिकायतें मिल रही थीं। एक दूसरे की देखा सीखी में ऐसे तत्वों की संख्या बढ़ती चली गई।
अजब एमपी की जबलपुर पुलिस की गजब पहल.
— Anurag Amitabhانوراگ امیتابھअनुराग अमिताभ (@anuragamitabh) October 6, 2022
कानफोड़ू भोंपू बजाकर जनता को परेशान करने वालों के कानों में बजवाया भोंपू..
शठे शाठ्यं समाचरेत् का उत्कृष्ट नमूना..@SPJabalpur @DGP_MP @indiatvnews @IndiaTVHindi pic.twitter.com/V3YEV7eJ7h
मंगलवार, 4 अक्टूबर को गढ़ा थाने की पुलिस ने एक अभियान चलाकर ऐसे शरारती युवकों को सबक सिखाने की ठानी। पुलिसकर्मियों ने ऐसे कई भोंपूबाजों को पकड़ा। फिर इनका भोंपू लेकर इनके ही कानों में बजाया। कुछ जगहों पर पकड़े गए युवकों से एक-दूसरे के कानों में भोंपू बजवाया। फिर उनसे कान पकड़कर माफी मंगवाई और उन्हें दोबारा ऐसा न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया।
भोंपूबाजों के कान में भोंपू बजाती जबलपुर पुलिस के कई फोटो और वीडियो भी सामने आए हैं। मामले पर जबलपुर के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तेज आवाज में भोंपू बजाने वालों के कानों में जब पुलिस ने भोंपू बजाया, तो उन्हें ये एहसास हुआ कि वे अपनी हरकतों से जनता को किस तरह परेशान करते हैं। जब पुलिस ने इस तरह का अभियान चलाया तो अगले दिन इस तरह की कोई भी घटना सामने नहीं आई।
यह भी पढ़ें: मां के जूतों के फीते बांधते नजर आए राहुल गांधी, कर्नाटक से भारत जोड़ो यात्रा का मार्मिक दृश्य
सीएसपी तुषार सिंह के कहा कि दुर्गोत्सव व दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए देर रात तक पुलिस सड़कों पर घूम रही थी। इस दौरान लार्डगंज, सदर समेत अन्य क्षेत्रों में बदमाश युवकों की ऐसी टोली मिली, जो बाइक पर फर्राटा भरते हुए महिला श्रद्धालुओं के करीब जाकर कान में भोंपू बजाकर भाग रहे थे, जिनके खिलाफ पुलिस ने एक्शन लिया।