अपना घर नहीं बचा पाए सिंधिया, जनता ने बता दी उनकी हैसियत, ज्योतिरादित्य पर बरसे नेता प्रतिपक्ष

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने कहा कि सिंधिया का कोई बर्चस्व नहीं है। उनके जाने से कांग्रेस नेता शोषण मुक्त हो गए।

Updated: Jul 26, 2022, 04:19 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने एक बार फिर केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में सिंधिया अपना घर नहीं बचा पाए। जनता ने उन्हें उनकी हैसियत बता दी।

दरअसल, गोविंद सिंह अल्प प्रवास पर निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने सिंधिया के साथ ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा पर भी जमकर भड़ास निकाला। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुऐ कहा कि, 'निकाय चुनाव में वीडी शर्मा और सिंधिया अपना घर नहीं बचा पाए। जो व्यक्ति अपना घर नहीं बचा सकता है उसको सीख देने और प्रवचन देने का अधिकार नहीं हैं।'

यह भी पढ़ें:;लोकसभा से कांग्रेस के चार सांसद सस्पेंड, बढ़ती महंगाई के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन

नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि, 'ग्वालियर ना तो कभी सिंधिया परिवार का गढ़ था, ना अब उनका गढ़ है, और ना ही कभी भविष्य में रहेगा। सिंधिया का एक झूठा प्रचार तंत्र था। जिस प्रकार बीजेपी फर्जी प्रचार तंत्र के आधार पर देश में विकास का नमूना पेश कर रही है। उसी प्रकार सिंधिया अपने प्रचार तंत्र के माध्यम से नेता थे। जनता ने उन्हें बता दिया कि उनकी हैसियत क्या है। जो उनका प्रतिनिधि था उसने ही उन्हें चुनाव हरा दिया। सिंधिया का कोई वर्चस्व नहीं है। उनके जाने से कांग्रेस नेता शोषण मुक्त हो गए।'