MP में टाइगर का आतंक, उमरिया और बालाघाट में बाघ के हमलों में दो लोगों की मौत, ग्रामीणों में खौफ

मध्य प्रदेश के उमरिया और बालाघाट जिले में बाघ ने दो लोगों को अपना शिकार बनाया है। बाघ के हमले से दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद लोगों में खौफ का माहौल है।

Updated: Dec 23, 2024, 11:00 AM IST

उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया और बालाघाट जिलों में बाघों का आतंक बढ़ता जा रहा है। इन जिलों में अलग-अलग घटनाओं में बाघ के हमले में दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। 

उमरिया जिले के 'बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व' के खितौली क्षेत्र में एक बाघ के हमले में 45 वर्षीय खैरूहा बैगा नामक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक अन्य घटना में बालाघाट की तिरोड़ी तहसील के अंबेझरी गांव में अपने खेत में काम कर रहे 55 वर्षीय किसान सुखराम उइके की बाघ द्वारा किए गए हमले में मौत हो गई।

उमरिया जिला अंतर्गत खितौली क्षेत्र के अधिकारी स्वस्ति जैन ने बताया कि 45 वर्षीय खैरूहा बैगा शुक्रवार को अपने बहनोई के घर से काम के लिए निकला था। इसके बाद से वह लापता हो गया। उन्होंने बताया कि रविवार को कुलुहाबा क्षेत्र में एक रिसॉर्ट के पीछे एक खोपड़ी, हाथ के कुछ हिस्से और कपड़े मिले हैं।

वन अधिकारी ने बताया कि बैगा के परिवार के सदस्यों ने शव की पहचान की। जैन ने बताया कि निकटवर्ती क्षेत्र में बाघ के पैरों के निशान पाए गए हैं। क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि इस तरह के हमलों को रोकने के लिए क्षेत्र में बाघ की खोज के लिए वन टीम को भेजा गया।

यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में ठंड का कहर, कई जिलों में बारिश और ओले गिरने की संभावना

उधर, बालाघाट की तिरोड़ी तहसील के अंबेझरी गांव में अपने खेत में काम कर रहे 55 वर्षीय किसान सुखराम उइके की बाघ द्वारा किए गए हमले में मौत हो गई। जिले वन विभाग के उप प्रभागीय अधिकारी बीआर सिरसाम ने बताया कि रविवार को दोपहर करीब तीन बजे खेत में काम कर रहे उइले पर बाघ ने हमला कर दिया उसकी मौत हो गई।