बीच सड़क महिला और पुलिसकर्मियों में हुई धक्का मुक्की, महिला पुलिसकर्मी ने मारा चप्पल

मध्य प्रदेश के देवास का मामला, मास्क न पहनने वालों पर प्रशासन कर रहा था कार्रवाई, एक महिला को थाने में बंद करने की दी गई धमकी, महिला और पुलिसकर्मियों में हुई बहस, जल्द ही बहस ने लिया विवाद का रूप, महिला ने पुलिसकर्मी को दिया धक्का, जवाब में एक अन्य महिला पुलिसकर्मी ने महिला को मारा चप्पल

Publish: Dec 28, 2021, 11:55 AM IST

देवास। मध्य प्रदेश के देवास में बीच सड़क पर एक महिला और पुलिसकर्मियों में जमकर बहस हुई। जल्द ही बहस ने विवाद का रूप ले लिया। महिला और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का मुक्की शुरु हो गयी। इसी बीच एक अन्य महिला पुलिसकर्मी ने महिला को सरेआम चप्पल से मार दिया है। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।  

यह मामला देवास के सैया जी गेट इलाके का बताया जा रहा है। प्रशासन की टीम मंगलवार को मास्क न पहनने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काट रही थी। इसी दौरान वहां से गुज़र रही जागृति मिश्रा नामक महिला को प्रशासनिक टीम ने रोक लिया और उसका चालान बनाने लगी।  

अचानक प्रशासन की ओर से हुई इस कार्रवाई को देखते हुए महिला ने चालान कटवाने से इनकार कर दिया। महिला का कहना था कि प्रशासन पूरे समय तो सोया रहता है। प्रतिदिन मास्क न पहनने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती और पुलिस अचानक लोगों का चालान काटने लग जाती है। महिला द्वारा चालान देने से मना करने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने चालान न देने पर महिला को थाने ले जाने की धमकी दे दी। 

यह भी पढ़ें ः MP में फिलहाल नाइट कर्फ्यू ही रहेगा लागू, बैठक में सीएम ने लिया फैसला

थाने ले जाने की धमकी सुनने के बाद महिला का गुस्सा पुुलिस की टीम पर फूट पड़ा। जिसके बाद महिला पुलिस की टीम पर बरस पड़ी। महिला और पुलिस की टीम में ज़ोरदार बहस शुरु हो गयी। हंगामा होता देख लोगों की भीड़ भी मौके पर एकत्रित हो गयी और लोग पूरी घटना का वीडियो बनाने लगे। 

पुलिस से बहस करते समय महिला ने यह चुनौती दे डाली कि अगर किसी में हिम्मत है तो वह उसे थाने ले जाकर दिखाए। इतने में एक महिला पुलिसकर्मी ने जबरन जागृति को पकड़ लिया। जिसके बाद पहले से ही गुस्से में होने के कारण जागृति ने महिला पुलिसकर्मी को धक्का दे दिया। धक्का खाने की वजह महिला पुलिसकर्मी ज़मीन पर गिरते गिरते बची। इसके बाद वह दोबार उठकर जागृति को पकड़ने की कोशिश करने लगी। इसी बीच एक अन्य महिला पुलिसकर्मी ने जागृति के ऊपर चप्पल से वार कर दिया।

यह भी पढ़ेंः MP में एक दिन में कोरोना के 42 मामले दर्ज, भोपाल में कोरोना संक्रमित की हुई मौत 

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग जागृति के समर्थन में खड़े नज़र आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस ऐसे ही लोगों को मास्क न लगाने के नाम पर परेशान करती है। आम लोगों को परेशान करना आज कल पुलिस का धंधा बन गया है। वहीं कुछ लोग पुुलिस के समर्थन में खड़े नज़र आ रहे हैं और कह रहे हैं कि हालात जो भी हों लेकिन लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना होगा। मास्क पहनना हमारी ही भलाई के लिये है।