तमिलनाडु के एन्नौर में अमोनिया गैस लीक से मचा हड़कंप, पांच लोग अस्पताल में भर्ती

गैस लीक होने की वजह से आस-पास इसकी काफी तेज गंध महसूस की गई। इसकी वजह से लोगों को बेचैनी महसूस होने लगी। हालांकि, अब स्थिति नियंत्रण में है।

Updated: Dec 27, 2023, 08:59 AM IST

एन्नौर। तमिलनाडु के एन्नौर में गैस लीक की खबर सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि उप-समुद्र पाइप में अमोनिया गैस के रिसाव का पता चला है। 
अमोनिया गैस का रिसाव होते ही पूरे इलाके में तेज गंध फैल गई और लोगों में हड़कंप मच गया। 

हालांकि, घटना के तुरंत बाद इस गैस लीक को काबू में किया गया। जहां से गैस लीक हो रही थी वहां मरम्मत कर गैस लीक को बंद किया गया। इस बीच अमेनिया गैस की चपेट में आए पांच लोगों को बैचैनी महसूस हुई जिसके बाद उन्हें स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां वे अब ठीक हैं।

डीआईजी, ज्वाइंट कमिश्नर विजयकुमार ने कहा कि डरने की कोई बात नहीं है, हालात अब स्थिर हैं। अब यहां कोई गैस लीक नहीं हो रही है। लोगों को भरोसा दिया गया है और वह वापस अपने घरों में लौट गए हैं। मेडिकल और पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद है।

गैस लीक की खबर आते ही एक बार फिर लोगों के जेहन में भोपाल गैस त्रासदी की डरावनी यादें ताजा हो गईं। बता दें कि मध्य प्रदेश के भोपाल शहर में तीन दिसम्बर सन् 1984 को एक भयानक औद्योगिक दुर्घटना हुई थी। इसे भोपाल गैस त्रासदी के नाम से जाना जाता है। भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड नामक कंपनी के कारखाने से एक जहरीली गैस का रिसाव हुआ था, जिससे 15 हजार से अधिक लोगों की जान चली गई थी।