Digvijaya Singh: संविधान विरोधी है RSS, राम के नाम पर राजनीति कर रही है बीजेपी

दिग्विजय सिंह ने आज बीजेपी और आरएसएस पर जमकर हमला बोला, किसान आंदोलन और राम मंदिर के मुद्दे पर सरकार को घेरा

Updated: Feb 07, 2021, 07:19 AM IST

Photo Courtesy: The Federal
Photo Courtesy: The Federal

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी पर करारा हमला किया है। उन्होंने आरएसएस पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगाया। साथ ही यह भी कहा कि बीजेपी और संघ पर राम के नाम पर राजनीति करते हैं। दिग्विजय सिंह ने आंदोलन कर रहे किसानों के बर्ताव पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।

संविधान विरोधी है आरएसएस: दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने ट्विटर के जरिए निशाना साधते हुए आरएसएस को संविधान विरोधी बताया है। साथ ही यह भी कहा अगर संघ को मौका मिला तो वो भारतीय संविधान को भी बदल देगा। दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर लिखा है, "भाजपा केवल सत्ता की कुर्सी पर बैठने के लिए संविधान का पालन करने की शपथ लेती है और कुर्सी पर बैठ कर संविधान की धज्जियॉं उड़ाती है। संघ भारतीय संविधान विरोधी था है और रहेगा। जिस दिन संविधान बदलने का बहुमत मिल गया वह इसे बदल देगा।" 

इसके साथ ही उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें आचार्य प्रमोद कृष्णम बीजेपी नेता और मध्य प्रदेश सरकार के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग पर राम मंदिर के नाम पर  वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं।

 

दिग्विजय सिंह ने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के शिष्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का एक वीडियो भी साझा किया है। इस वीडियो में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा है कि बीजेपी को राम का नाम लेने का अधिकार नहीं है। जो राजा राम अपने राज में कुत्तों तक की बात सुना करते थे, आज राम का नाम लेने वाली वही भाजपा किसानों पर अत्याचार कर रही है। दिग्विजय सिंह ने अविमुक्तेश्वरानंद का वीडियो साझा करते हुए लिखा है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी मेरे गुरू भाई हैं और द्वारका व ज्योतिर्मठ पीठों के शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी के प्रमुख शिष्य हैं। इनके विचार अवश्य समझें कि किस प्रकार भगवान राम के नाम का शोषण, व्यवसाय व राजनीतिकरण संघ/भाजपा कर रही है।

 

 

इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने किसानों के साथ मोदी सरकार के बर्ताव की भी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने एक स्टिकर शेयर किया है, जिसमें पेट्रोल-डीज़ल पर सरकार की तरफ से वसूल किए जाने वाले भारी-भरकम टैक्स की तुलना किसानों को मिलने वाली कीमतों से करते हुए लिखा गया है, "खुद को 30 रुपये के तेल पर 60 रुपये का टैक्स चाहिए और किसान अगर अपनी मेहनत का एमएसपी माँगे तो देशद्रोही।" इस स्टिकर को शेयर करते हुए दिग्विजय सिंह ने लिखा है, "बिल्कुल सही कहा। इसी मानसिकता से, भाजपा व मोदीशाह भगवान राम व हिंदुत्व को आगे कर जनता को ठग रहे हैं। ना जाने भाजपा को समर्थन देने वालों को और मोदी के अंध भक्तों को कब समझ में आएगा।"