CWC की बैठक में राहुल गांधी को नेतृत्व संभालने की मांग, बाहर युवा कांग्रेस का समर्थन में प्रदर्शन

विधानसभा चुनावों में हार के बाद कांग्रेस कार्यसमिति की पहली बैठक, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, गुलाम नबी आजाद, दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत समेत तमाम दिग्गज बैठक में मौजूद

Updated: Mar 13, 2022, 12:35 PM IST

नई दिल्ली। पांच राज्यों में मिली हार के बाद कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पी चिदंबरम, रणदीप सिंह सुरजेवाला, दिग्विजय सिंह समेत दो दर्जन से ज्यादा दिग्गज शामिल हैं। 

खास बात ये है कि बैठक में कांग्रेस के असंतुष्ट समूह G-23 के नेता भी शामिल हैं। बैठक में गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, मनीष तिवारी और पीएल पुनिया भी मौजूद हैं। इसके अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल, उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत भी पहुंचे हैं।

सीडब्ल्यूसी की बैठक के बीच 24 रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर नारेबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस दफ्तर के बाहर सैंकड़ों की संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद हैं। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी कर रहे हैं और उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की मांग कर रहे हैं। युवक कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी भी दी है।