असली चुनौती तो मार्च के बाद शुरू होगी: नवजोत सिंह सिद्धू

सिद्धू ने कहा कि उनका अगला कदम क्या होगा, ये पंजाब के लोग तय करेंगे

Publish: Feb 08, 2022, 02:31 PM IST

चंडीगढ़। पंजाब में कांग्रेस का सीएम चेहरा घोषित होने के बाद पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बड़ा बयान दिया है। एक हिंदी न्यूज़ चैनल से बात करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि असली चुनौती मार्च के बाद शुरू होगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि उनका अगला कदम क्या होगा, वो पंजाब के लोग तय करेंगे। 

नवजोत सिंह सिद्धू से जब कांग्रेस का सीएम चेहरा न बनाए जाने को लेकर सवाल पूछा गया तब इसके जवाब में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि पार्टी आलाकमान का निर्देश ही उनकी इच्छा है। उनकी प्राथमिकता पंजाब का विकास है, कोई पद नहीं। उनका कोई भी कदम पंजाब के लोग तय करेंगे।

नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि असली चुनौती मार्च महीने में कांग्रेस की सरकार आने के बाद शुरू होगी। नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब की पूर्वर्ती अकाली दर सरकार और पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पर पंजाब को कर्ज तले दबाने का आरोप लगाया। 

कांग्रेस नेता ने कहा कि पंजाब को कर्ज़ से मुक्ति दिलाते हुए विकास की पटरी पर लौटाने की चुनौती हमारे सामने है। हम माफियाओं से पैसा वसूल कर उसका उपयोग लाभकारी योजनाओं के ज़रिए जनता तक पहुंचाएंगे।

पंजाब में 20 फरवरी को 117 सीटों पर मतदान होने हैं। विधानसभा चुनावों से पहले ही कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच मुकाबला माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने अपने सीएम चेहरे के तौर पर भगवंत मान को प्रोजेक्ट किया है। जबकि कांग्रेस पार्टी ने ऐलान किया है कि विधानसभा चुनाव परिणामों में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सीएम चन्नी ही राज्य के सीएम बने रहेंगे।