पद्म पुरस्कारों का ऐलान, CDS रावत को मरणोपरांत पद्म विभूषण, गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण, देखें लिस्ट

जनरल बिपिन रावत, यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह और गीताप्रेस गोरखपुर के चेयरमैन राधेश्याम खेमका को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा

Updated: Jan 26, 2022, 03:42 AM IST

नई दिल्ली। भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर साल 2022 के पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया है। भारत सरकार ने इस वर्ष चार हस्तियों को पद्म भूषण पुरस्कार देने का ऐलान किया है। इसमें भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, बीजेपी नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और गीताप्रेस गोरखपुर के चेयमैन राधेश्याम खेमका को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही शास्त्रीय गायिका प्रभा आत्रे को भी पद्म विभूषण दिया जाएगा।

केंद्र सरकार द्वारा जारी सूची के मुताबिक इस बार 17 हस्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही 107 हस्तियों को पद्मश्री सम्मान दिया जाएगा। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आज़ाद, पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम व कम्युनिस्ट नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य को पद्मभूषण देने का ऐलान किया गया है। हालांकि, भट्टाचार्य ने किसी भी तरह का सम्मान लेने से साफ इनकार कर दिया है। 

इसके अलावा कोवैक्सीन की निर्माता कंपनी भारत बायोटेक के चेयरमैन कृष्ण एल्ला और कंपनी की सह संस्थापक सुचित्रा एल्ला, सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नाडेला, गूगल की पेरेंट कंपनी एल्फाबेट के सीईओ सुन्दर पिचाई को भी पद्म भूषण दिया गया है। वहीं नीरज चोपड़ा, वन्दना कटारिया, अवनि लखेड़ा और सोनू निगम समेत 107 हस्तियों को पद्म श्री देने का ऐलान किया गया है।