कांग्रेस ने यूपी चुनाव के लिए जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह सहित 30 नेता शामिल

स्टार प्रचारकों की सूची में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अजय कुमार लल्लू शामिल हैं, वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ के सीएम भी स्टार प्रचारकों में शामिल हैं

Updated: Jan 24, 2022, 10:03 AM IST

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह सहित कुल 30 नेता शामिल हैं। स्टार प्रचारकों की यह सूची पहले चरण के मतदान के लिए जारी की गई है। 

स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का नाम शामिल है। इसके साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी पहले चरण के लिए स्टार प्रचारक बनाया गया है। सीएम बघेल यूपी में कांग्रेस के ऑब्जर्वर भी हैं।

इनके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद, राज बब्बर और सलमान खुर्शीद का भी नाम शामिल है। सलमान खुर्शीद की पत्नी को कांग्रेस पार्टी ने अपना उम्मीदवार भी बनाया है। वहीं राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, हार्दिक पटेल, सुप्रिया श्रीनेत, इमरान प्रतापगढ़ी, कन्हैया कुमार भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।