तेलंगाना में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी YSR तेलंगाना पार्टी, कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान

अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत YSR की बेटी शर्मिला ने मुख्यमंत्री KCR के नेतृत्व वाली BRS के भ्रष्ट एवं जन विरोधी शासन के खात्मे के लिए कांग्रेस को समर्थन देने का फैसला किया है।

Updated: Nov 03, 2023, 06:15 PM IST

हैदराबाद। तेलंगाना विधानसभा चुनाव में दमखम से उतरी कांग्रेस पार्टी को मतदान से पहले एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। राज्य में अच्छा खासा प्रभाव रखने वाली YSR तेलंगाना पार्टी ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। YSRTP चुनाव में कांग्रेस पार्टी का समर्थन करेगी। वाईएसआर तेलंगाना पार्टी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए कहा कि राज्य में 30 नवंबर को होने वाला विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी नहीं लड़ेगी और वह विपक्षी दल कांग्रेस का समर्थन करेगी।

अविभाजित आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वाई. एस. राजशेखर रेड्डी की बेटी शर्मिला ने मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (BRS) के ‘भ्रष्ट एवं जन विरोधी शासन’ के खात्मे के लिए कांग्रेस को समर्थन देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि जब राज्य में सत्ता परिवर्तन की संभावना है, तो वह सरकार विरोधी वोट को बांटकर बाधा नहीं बनना चाहती हैं।

यह भी पढ़ें: भर्ती घोटाले रोकने का सख़्त क़ानून बनाएगी कांग्रेस सरकार, रणदीप सुरजेवाला का बड़ा ऐलान

शर्मिला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए उनके मन में बहुत सम्मान है और इसलिए वह कांग्रेस के वोट को बांटना नहीं चाहती हैं जिससे सत्तारूढ़ बीआरएस को फायदा पहुंच सकता है। वाईएसआरटीपी अध्यक्ष ने यहां पत्रकारों से कहा कि उनके दिवंगत पिता राजशेखर रेड्डी ही थे जो अविभाजित आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को वापस सत्ता में लाए थे।

उन्होंने कहा, ‘कई साल बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पदयात्रा का कर्नाटक में नतीजा दिखा। अब जब तेलंगाना में इसके परिणाम सामने आने का समय आया है तो कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने का हमारा कोई इरादा नहीं है। कांग्रेस नेता हमारे लिए बाहरी नहीं हैं।' उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि अगर उन्होंने कांग्रेस के वोट को विभाजित किया और चंद्रशेखर राव फिर से मुख्यमंत्री बने तो इतिहास उन्हें माफ नहीं करेगा।