नहीं रहे पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर शेन वॉर्न, दिल का दौरा पड़ने से हुआ निधन

शेन वॉर्न का दिल का दौरा पड़ने की वजह से निधन हो गया है

Updated: Mar 04, 2022, 02:53 PM IST

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर शेन वॉर्न का निधन हो गया है। दिल का दौरा पड़ने के कारण शेन वॉर्न का निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शेन वॉर्न इस समय थाईलैंड में थे।

शेन वॉर्न थाईलैंड में अपने विला पर रह रहे थे। विला में ही वे बेसुध पड़े हुए मिले। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक को उनके निधन की वजह माना जा रहा है।

आज ही ऑस्ट्रेलिया के एक अन्य पूर्व क्रिकेटर रोड मार्श का निधन हुआ था। खुद शेन वॉर्न ने अपने सोशल मीडिया पर रोड मार्श के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की थी।  

शेन वॉर्न के निधन के बाद क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। वॉर्न के निधन की खबर ने क्रिकेट प्रेमियों को स्तब्ध कर दिया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने शेन वॉर्न के निधन पर कहा है कि मेरे पास बोलने के लिए शब्द नहीं हैं। शेन वॉर्न क्रिकेट के मैदान में किसी जादूगर की तरह थे। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

शेन वॉर्न को स्पिन का जादूगर कहा जाता था। उन्होंने वन डे और टेस्ट मैचों में लंबे अरसे तक ऑस्ट्रेलियाई टीम का प्रतिनिधित्व किया। वॉर्न ने कुल 145 टेस्ट मैचों में 708 विकेट झटके थे। वे टेस्ट में सात सौ विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने थे। उनके बाद श्रीलंका के मुरलीधरन ने टेस्ट में सात सौ विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की थी। बाद में मुरलीधरन ने अपने टेस्ट करियर में आठ सौ से अधिक विकेट झटक लिए थे।

संन्यास लेने के बाद शेन वॉर्न आईपीएल में भी नजर आए थे। वॉर्न ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी की थी। शेन वॉर्न की कप्तानी में ही राजस्थान रॉयल्स ने 2008 में अपना पहला और इकलौता खिताब जीता था। राजस्थान रॉयल्स आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम थी।