शेयर मार्केट में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, निवेशकों के 3 लाख करोड़ साफ

सोमवार को शेयर बाज़ार खुलते ही लाल निशान के साथ डुबकी लगाने लगा.. सेंसेक्स और निफ्टी में हज़ार अंकों से ज़्यादा की गिरावट ने निवेशकों को चिंता में ला दिया.. क्लोजिंग तक भी सुधार नहीं हो सका और सेंसेक्स 1,000 अंकों की गिरावट के साथ ही बंद हुआ

Updated: Feb 07, 2022, 03:06 PM IST

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में सोमवार यानी 7 फरवरी, 2022 को एक बार फिर जबरदस्त गिरावट देखी गई। लगातार तीसरे दिन बाजार लाल निशान में बंद हुआ। क्लोजिंग के दौरान भी सेंसेक्स 1,000 अंकों की गिरावट दर्ज करता दिखा। क्लोजिंग के वक्त सेंसेक्स 1,023.63 अंकों यानी 1.75% की गिरावट लेकर 57,621.19 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 302.70 अंक और 1.73% की गिरावट लेकर 17,213.60 पर बंद हुआ।

सोमवार को ऑटो, एफएमसीजी, आईटी, बैंक, हेल्थकेयर, रियल्टी शेयरों में भारी बिकवाली दिखी। पीएसयू बैंकिंग, मेटल और पावर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर लाल निशान में बंद हुए। दोपहर 2 बजे के आसपास बीएसई सेंसेक्स ने बड़ा गोता लगाया और 1,300 अंकों से ज्यादा नीचे आ गया। दोपहर 2.01 बजे सेंसेक्स 1,325 अंकों या 2.26 फीसदी तक की गिरावट ले चुका था और इंडेक्स 57,320 पर आ गया था। 1.53 बजे सेंसेक्स में 1,130.40 अंकों या 1.93% की गिरावट दर्ज हो रही थी और इंडेक्स 57,514.42 के लेवल पर था। वहीं, निफ्टी भी जबरदस्त गिरावट पर था। इंडेक्स 330.25 अंकों या 1.89% की गिरावट लेकर 17,186.05 के स्तर पर आ गया।

प्राइवेट बैंकिंग शेयरों में तेज गिरावट दर्ज हो रही है. निफ्टी बैंक इंडेक्स 1 फीसदी गिर गया था। कोटक, इंडसइंड बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर गिरावट पर चल रहे थे। प्राइवेट बैंकिंग शेयरों और फाइनेंशियल शेयरों में बिकवाली दिख रही थी।

हालांकि, पीएसयू बैंकिंग शेयरों में तेजी दर्ज हो रही है।बता दें कि शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव के बीच दोनों बेंचमार्क इंडेक्स में फ्लैट ट्रेडिंग दर्ज हुई थी। मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच सेंसेक्स 58,500 के ऊपर खुला था। वहीं, निफ्टी 17,500 से नीचे आया था। ओपनिंग में सुबह 09:15 पर सेंसेक्स 91.91 अंकों या 0.16% की गिरावट लेकर 58,552.91 के स्तर पर था। वहीं, निफ्टी 25.50 अंकों या 0.15% की गिरावट के साथ 17,490.80 अंकों के स्तर पर खुला था। इसके बाद बाजार में और गिरावट दर्ज की।