बेटे को टिकट नहीं मिलने पर खफा हुए बीजेपी के पूर्व सांसद, हाईकमान को बताया तानाशाह

उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद भाजपा में बगावत जारी, पूर्व सांसद लक्ष्मी नारायण यादव ने खोला मोर्चा, हाईकमान को बताया अंधा और बहरा

Updated: Oct 11, 2023, 05:09 PM IST

सागर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के बाद दर्जनों विधानसभा क्षेटों में बगावत हो रही है। चौथी लिस्ट में कटनी से टिकट नहीं मिलने पर पार्टी की मेयर प्रत्याशी रहीं ज्योति विनय दीक्षित ने सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ इस्तीफा दे दिया। वहीं, अब सागर से पूर्व सांसद लक्ष्मी नारायण यादव ने भी पार्टी के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने भाजपा आलाकमान पर हमला करते हुए उसे अंधा, बहरा और तानाशाह तक कह डाला।

सागर के पूर्व सांसद लक्ष्मी नारायण यादव के बेटे सुधीर यादव जिले की बंडा विधानसभा से भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे थे। लेकिन भाजपा की पहली सूची में वहां से वीरेंद्र लोधी का नाम घोषित कर दिया। लक्ष्मी नारायण यादव के सांसद रहते हुए साल 2018 में भाजपा ने सुधीर यादव को सुरखी विधानसभा से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ाया था। तब कांग्रेस से गोविंद सिंह राजपूत ने उन्हें चुनाव हराया था।

और पढ़े: गंगाजल पर GST लगाना भाजपा का आध्यात्मिक भ्रष्टाचार है, CM के एकांतवास पर कमलनाथ का तंज

गोविंद सिंह राजपूत के भाजपा में शामिल होने के बाद सुधीर यादव बंडा विधानसभा की ओर शिफ़्ट हो गए, और यहीं से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे थे।चूंकि सुरखी विधानसभा में गोंविद सिंह राजपूत के होने कारण उन्हें वहां कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही थी। लेकिन पार्टी ने बंडा विधानसभा से वीरेंद्र लोधी को प्रत्याशी बनाया है। तभी से सुधीर यादव की बयानबाजी सामने आ रही थी। अब उनके पिता ने भी मोर्चा खोल दिया है।

और पढ़े: माफिया की तरह काम करती है मोदी सरकार, भ्रष्टाचार उजागर करने वाले CAG अधिकारियों के तबादले पर कांग्रेस

पूर्व सांसद लक्ष्मी नारायण यादव ने मीडिया से कहा, 'हम तो शुरू से विद्रोह करते ही आए हैं। हमारी शुरू से आदत रही है क्योंकि हमने अन्याय को कभी बर्दाश्त नहीं किया। बिल्कुल सड़क पर नंगे हो जाएं तो भी कोई चिंता नहीं है। यह सुधीर के साथ अन्याय हुआ है। अगर विद्रोह करते हैं तो करें ,अगर उनकी जगह हम होते तो हम भी यही करते। अब लड़ेंगे तो हम उनका काम करेंगे। इस वक्त हाई कमान भाजपा का बहुत विचित्र स्थिति में है अंधा बहरा और पूरी तरह तानाशाह है। हम किसी और का प्रचार भी नहीं करेंगे।'