मेरे पास यूपी की बहनें हैं, प्रियंका ने किया जातिगत राजनीति की दीवार तोड़ने का दावा
रिपोर्टर ने कहा, उत्तर प्रदेश में जात और धर्म पर चुनाव होता है, आपके पास बेस नहीं है, प्रियंका गांधी बोलीं- मेरे पास बहनें हैं, दीवार पिक्चर की तर्ज पर प्रियंका का डायलॉग वायरल

लखनऊ। 'लड़की हूं... लड़ सकती हूं' के स्लोगन और महिला शक्ति को 40 फीसदी टिकट देने के ऐलान के साथ प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के चुनावी अभियान में आगे बढ़ रही हैं। आधी आबादी पर केंद्रित मुद्दों का प्रदेश की राजनीति में बड़ा असर देखने को मिल रहा है। कांग्रेस के वोटबैंक को लेकर एक सवाल के जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरी पास बहनें हैं। प्रियंका गांधी का यह डायलॉग तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, मंगलवार को एक निजी चैनल के रिपोर्टर ने इंटरव्यू के दौरान प्रियंका से कहा है उत्तर प्रदेश में जाति और धर्म के नाम पर चुनाव होता है। लेकिन आपके पास कोई ऐसा बेस नहीं है। इसपर प्रियंका गांधी कहती हैं कि, 'आपने दीवार पिक्चर का वो डायलॉग सुना होगा। अमिताभ बच्चन कहते हैं मेरे पास गाड़ी है, बंगला है। इसके जवाब में शशि कपूर कहते हैं मेरे पास मां हैं। मैं कहती हूं मेरे पास यूपी की बहनें हैं।'
मेरे पास बहनें हैं…
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) December 22, 2021
बहनें राजनीति में बदलाव लाएंगी।#लड़की_हूं_लड़_सकती_हूं pic.twitter.com/v2uVpsO1wA
प्रियंका गांधी ने इसका वीडियो ट्वीट कर लिखा है कि उत्तर प्रदेश की बहनें राजनीति में बदलाव लाएंगी। प्रियंका गांधी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा है कि, 'उप्र की महिलाओं देख लो! आपने अंगड़ाई ली और प्रधानमंत्री मोदी आपके सामने झुक गए। मगर अभी तो पत्ता हिला है महिला शक्ति का तूफ़ान आने वाला है। बहनों की एकजुटता क्रांति लाएगी।'
उप्र की महिलाओं देख लो! आपने अंगड़ाई ली और प्रधानमंत्री @narendramodi आपके सामने झुक गए। मगर अभी तो पत्ता हिला है महिला शक्ति का तूफ़ान आने वाला है।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) December 21, 2021
बहनों की एकजुटता क्रांति लाएगी। pic.twitter.com/ixeJdZlwRN
दरअसल, लड़की हूं लड़ सकती हूं स्लोगन के बाद प्रियंका को मिल रहे महिलाओं का अभूतपूर्व समर्थन को देखते हुए भाजपा ने भी महिला कार्ड खेल दिया है। बीजेपी ने मंगलवार को प्रयागराज में मातृ शक्ति महाकुंभ का आयोजन किया था जिसमें स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। प्रियंका गांधी ने इसपर निशाना साधते हुए कहा है कि 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारे की वजह से महिलाओं के सामने पीएम मोदी को झुकना पड़ा और समाजवादी पार्टी भी अब महिलाओं की बात करने लगी है।