मिशन पंजाब पर राहुल गांधी, सभी 117 उम्मीदवारों के साथ स्वर्ण मंदिर में टेका मत्था, पंगत में लंगर छका

पंजाब चुनाव में मिशन मोड़ पर कांग्रेस, राहुल गांधी ने किया शंखनाद, कांग्रेस के सभी 117 उम्मीदवारों ने राहुल के साथ टेका मत्था, सीएम चन्नी के साथ पंगत में बैठकर लंगर छकते दिखे राहुल

Updated: Jan 27, 2022, 09:28 AM IST

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस मिशन मोड़ में आ गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज चुनावी रण का शंखनाद किया। पंजाब पहुंचे राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के सभी 117 उम्मीदवारों ने स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका। राहुल गांधी के साथ सभी उम्मीदवारों की मौजूदगी ने पार्टी में फुट की खबरों पर विराम लगा दिया है।

गुरुवार सुबह राहुल गांधी विशेष विमान से अमृतसर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब की धरती पर उनका स्वागत किया। यहां से राहुल गांधी श्री दरबार साहिब पहुंचे। वहां कांग्रेस के सभी 117 उम्मीदवारों ने राहुल के साथ मत्था टेका। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने यहां पंगत में बैठकर लंगर छका। इसके बाद राहुल गांधी सभी नेताओं को लेकर स्वर्ण मंदिर पहुंचे।

राहुल गांधी ने इसके बाद जलियांवाला बाग जाकर स्वतंत्रता संग्राम शहीदों को श्रद्धांजलि दी। राहुल गांधी श्री दुर्ग्याणा मंदिर और भगवान वाल्मीकि तीर्थ में भी मत्था टेकने जाएंगे। अमृतसर से राहुल गांधी सड़क मार्ग से जालंधर पहुंचेंगे। जालंधर के मीठापुर से वे पंजाब फतेह रैली को वर्चुअली संबोधित करेंगे। कोरोना की वजह से रैलियों पर रोक के चलते वे इसी रैली से पंजाब में चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे। जालंधर से वह आदमपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।