सुल्ली डील ऐप का क्रिएटर इंदौर से गिरफ्तार, बुल्ली बाई के बाद सुल्ली डील मामले में कार्रवाई

बुल्ली बाई ऐप केस में गिरफ्तार नीरज विश्नोई से पूछताछ में खुल रही हैं कड़ियां, पुलिस ने इंदौर से सुल्ली डील के क्रिएटर को भी किया गिरफ्तार

Updated: Jan 09, 2022, 04:55 AM IST

इंदौर। दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने मुस्लिम महिलाओं की नीलामी वाले Sulli Deals ऐप के क्रिएटर को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है की बुल्ली बाई मामले में गिरफ्तार आरोपी नीरज विश्नोई के खुलासे और निशानदेही पर पुलिस सुल्ली डील क्रिएटर तक पहुंची है।

आरोपी 25 वर्षीय ओंकारेश्वर ठाकुर के रूप में हुई है जो इंदौर के न्यूयॉर्क सिटी टाउनशिप का रहने वाला है। पुलिस ने उसे उसके घर से  गिरफ्तार किया है। उसने आईपीएस अकादमी इंदौर से बीसीए किया है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उसने बताया है कि वह ट्विटर पर एक ट्रेड-ग्रुप का सदस्य था और मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने और ट्रोल करने के लिए विचार साझा करता था। उसने यह भी स्वीकार किया है कि उसने ही GitHub पर कोड विकसित किया था।

आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि sulli deal केस में उसके अलावा दूसरे लोग भी शामिल थे. जिन्होंने इसमें छोटी-छोटी भूमिकाएं निभाई थीं। पुलिस ने बताया कि मामले में और भी गिरफ्तारी हो सकती है। ठाकुर के मुताबिक GitHub पर ग्रुप के सभी मेंबर का एक्सेस था। उसने अपने ट्विटर अकाउंट पर ऐप को भी शेयर किया था। ग्रुप के सदस्यों द्वारा मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें अपलोड की गई।

दरअसल, बुल्ली बाई बनाने वाला आरोपी नीरज बिश्नोई 7 दिन के लिए स्पेशल सेल की IFSO यूनिट की कस्टडी में है। उसने ही पूछताछ के पुलिस दौरान सुल्ली डील के क्रिएटर ओंकारेश्वर ठाकुर के बारे में बताया। इस मामले में अबतक गिरफ्तार सभी आरोपी एक दूसरे को वर्चुअली जानते हैं, भले वे कभी मिले न हों।