कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर लगाया अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप, गुना में बीजेपी के नेता और मंत्री के कॉल डीटेल निकलवाने की माँग

केके मिश्रा ने कहा, नरोत्तम मिश्रा दिग्विजय सिंह की जगह इतना नाम राम का लें तो स्वर्ग पहुंच जाएंगे, भाजपा नेताओं को सपने में दिग्विजय सिंह दिखाई देते हैं

Updated: May 16, 2022, 03:05 PM IST

Photo Courtesy : Facebook
Photo Courtesy : Facebook

भोपाल। गुना जिले के आरोन में तीन पुलिस कर्मियों की हत्या के मामले में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। वहीं आज गुना हत्या कांड में गिरफ्तार दो आरोपियों का शॉट एनकाउंटर हुआ है। इसी मामले में आज कांग्रेस पार्टी ने पत्रकार वार्ता कर शिवराज सरकार पर करारा हमला बोला। प्रदेश प्रवक्ता केके मिश्रा ने कहा कि शनिवार रात गुना के आरोन में हुई घटना के तार शिवराज सरकार से जुड़े है और सरकार अपराधियों के संरक्षक के सामने नतमस्तक है।

यह भी पढ़े: जयवर्धन सिंह ने गुना कांड पर भाजपा अध्यक्ष को घेरा, बीच में कूद पड़े बीजेपी प्रवक्ता, शुरू हुआ ट्विटर वॉर

उन्होंने कहा कि "भाजपा दिग्विजय सिंह और राघौगढ़ किले पर आरोप लगाती है। मैं वीडी शर्मा से पूछना चाहूंगा आरोन की घटना के हत्यारों का संरक्षक हीरेंद्र सिंह बंटी को आपके निर्देश से भाजपा जिला उपाध्यक्ष बनाया जाता है। उन शिकारियों के संरक्षक हिरेंद्र सिंह का आश्रयदाता ज्योतिरादित्य सिंधिया और आपकी सरकार का मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया है, जो हिरेंद्र के साथ खाना खा रहा है।"


यह भी पढ़े: बीडी शर्मा ने दिग्विजय सिंह पर गुना कांड को लेकर लगाया बड़ा आरोप, सिंह ने कहा सरकार आपकी है, जांच कराएं

केके मिश्रा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि "शिवराज सरकार ने ग्वालियर चंबल संभाग में भू माफिया, व्यवसायिक नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को डकैती, रेत खनन, भूमाफिया का ठेका दे रखा है। उसी संभाग में पिछले 5 महीनों में पुलिस बल पर 51 हमले रेत माफिया, भू माफिया ने किए हैं।"

 


उन्होंने आगे कहा कि, नरोत्तम मिश्रा अगर दिग्विजय सिंह की जगह इतना नाम राम का लें, तो स्वर्ग पहुंच जाएंगे। भाजपा नेताओं को सपने में दिग्विजय सिंह दिखाई देते हैं।" मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसते हुए कहा कि "शिवराज जी की बेचैनी नरोत्तम मिश्रा, कैलाश विजयवर्गीय, उमा भारती, नरेंद्र सिंह तोमर की वजह से है। शिवराज जी, आपकी कैबिनेट के मंत्री सट्टा करवाते हैं, जो आपके नजदीक बैठते है, इनका शिकार आप कितने दिन में करेंगे।"


नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि "हीरेंद सिंह को भाजपा का जिला उपाध्यक्ष वीडी शर्मा ने बनाया और आरोप दिग्विजय सिंह पर लगाते हैं। ये तो उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली बात है। पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा के साथ हत्यारों का संरक्षक हिरेंद्र सिंह मिठाई खाता है। हत्यारों को हथियार किसने उपलब्ध करवाए।हम घटना की न्यायिक जांच की मांग करते हैं।

बता दें कि गुना पुलिस कर्मी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी जिया और सोनू को कोर्ट ले जाते समय शॉट एनकाउंटर हुआ है। गाड़ी पलटने के बाद किया भागने का प्रयास तो पुलिस ने बदमाशों से सरेंडर करने को कहा और पैरों में गोलियां चलाई हैं।