BJP सरकार की सबसे बड़ी कमी, पोल में आया जनता का जवाब, राहुल ने नफरत को बताया हानिकारक

राहुल गांधी ने ऑनलाइन पोल जारी कर पूछा बीजेपी सरकार की सबसे बड़ी कमी, एक लाख से ज्यादा लोगों ने कहा नफरत का माहौल, साढ़े तीन लाख के करीब लोग हुए शामिल

Updated: Jan 16, 2022, 10:46 AM IST

Photo Courtesy: The Indian Express
Photo Courtesy: The Indian Express

नई दिल्ली। हेट स्पीच की घटनाओं को लेकर देशवासियों का आक्रोश कम होता नहीं दिख रहा है। इसी बीच एक ऑनलाइन पोल में यह बात सामने आई है कि देश में नफरत का माहौल है और यह बीजेपी सरकार की सबसे बड़ी कमी है। इसमें एक लाख से ज्यादा लोगों ने नफरत के माहौल को केंद्र सरकार की सबसे बड़ी कमी बताया है।

दरअसल, यह ऑनलाइन पोल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्विटर पर शेयर किया था। इसमें राहुल गांधी ने प्रश्न किया कि, 'भाजपा सरकार की सबसे बड़ी कमी क्या रही है?' इसमें उन्होंने चार ऑप्शन दिया था। इनमें बेरोजगारी, टैक्स वसूली, महंगाई और नफरत का माहौल शामिल है। 

तकरीबन तीन लाख 47 हजार लोग इस ऑनलाइन पोल में शामिल हुए। इनमें सर्वाधिक 35 फीसदी लोगों ने नफरत का माहौल को सबसे बड़ी कमी बताया। दूसरे नंबर पर सर्वाधिक 28 फीसदी लोगों ने बेरोजगारी को चुना। वहीं 20 फीसदी लोगों ने महंगाई और 17 फीसदी लोगों ने टैक्स वसूली को सबसे बड़ी कमी बताया। 

ऑनलाइन पोल का रिजल्ट आने के बाद राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर कहा है कि नफरत भरी राजनीति देश के लिए हानिकारक है। राहुल ने ट्वीट किया, 'मैं भी यही मानता हूँ कि भाजपा की नफ़रत भरी राजनीति देश के लिए बेहद हानिकारक है। और ये नफ़रत ही बेरोज़गारी के लिए भी ज़िम्मेदार है। देशीय व विदेशी उद्योग बिना सामाजिक शांति के नहीं चल सकते। रोज़ अपने आस-पास बढ़ती इस नफ़रत को भाईचारे से हराएँगे- क्या आप मेरे साथ हैं?'