तनाव के बीच यूक्रेन की अपील, जल्द रूस छोड़ें यूक्रेनी नागरिक

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि रूस किसी भी वक्त यूक्रेन में हमला कर देगा, इसलिए ऑस्ट्रेलिया अब रूस पर प्रतिबंध लगाना शुरू करेगा

Updated: Feb 23, 2022, 09:44 AM IST

नई दिल्ली। रूस द्वारा किसी भी वक्त हमला किए जाने की आशंका के बीच यूक्रेन ने रूस में रह रहे अपने नागरिकों को जल्द से जल्द रूस छोड़ने के लिए कहा है। यूक्रेन ने अपने नागरिकों को जल्द स्वदेश वापस आने के लिए कहा है। रूस के लगातार आक्रमक होते रुख को देखते हुए यूक्रेन की सरकार रूस में रहने वाले अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है, जिस वजह से यूक्रेन ने अपने नागरिकों को यूक्रेन लौट आने की हिदायत दी है।

रूस और यूक्रेन के बीच हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। रूस के आक्रमक रुख को लेकर ऑस्ट्रेलिया ने भी चिंता ज़ाहिर की है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने दावा किया है कि रूस अगले 24 घंटे में यूक्रेन पर हमला कर देगा। इसके साथ ही स्कॉट मोरिसन ने रूस पर प्रतिबंध लगाने की शुरुआत करने की भी बात कही है। स्कॉट मॉरिसन ने कहा है कि अगर रूस यूक्रेन पर हमला करेगा तो ऑस्ट्रेलिया तुरंत अपने देश में रूसी लोगों पर प्रतिबंध लगाना शुरु कर देगा।

वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज अपने संदेश में साफ किया है कि वह बातचीत के लिये तैयार हैं। लेकिन इसके साथ ही पुतिन ने यह भी कहा है कि रूस अपने हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेगा।

पुतिन ने अपने संदेश में कहा कि रूस तनाव के मसले का कूटनीतिक हल निकालने के लिये पूरी तरह से तैयार है। लेकिन हम अपने हितों के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे।

यह भी पढ़ें ः रूस ने यूक्रेन के 2 विद्रोही क्षेत्रों को दी अलग देश के तौर पर मान्यता, पुतिन के ऐलान से युद्ध की आशंका

यूक्रेन और रूस के बीच जारी तनाव में रूस के तेवरों में ज़रा भी नरमी आती नहीें दिख रही है। रूस हर बीतते समय के साथ और भी आक्रमक रुख अपनाता दिख रहा है। जिस वजह से दोनों देशों के बीच किसी भी वक्त युद्ध छिड़ने की आशंका बढ़ गयी है। रूस यूक्रेन को दो विद्रोही क्षेत्रों दोनेत्सक और लुहांस्क को स्वतंत्र देश के तौर पर मान्यता भी दे चुका है।